Sunday, 25 October 2026

नेशनल पेंशन स्कीम नियोक्ता और श्रमिक दोनों के लिए लाभदायक। अजमेर के मित्तल मॉल में हुई लघु उद्योग भारती की कार्यशाला। ================ 24 अक्टूबर को अजमेर के मित्तल मॉल स्थित सरोवर पोर्टिको के सभागार में राष्ट्रीय संगठन लघु उद्योग भारती की नेशनल पेंशन स्कीम को लेकर एक ज्ञापनवद्र्धक कार्यशाला हुई। इस कार्यशाला में पेंशन स्कीम के विशेषज्ञ अजिंक्य देशपांडे ने पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया, एनपीएस नियोक्त और श्रमिकों दोनों के लिए लाभदायक है। इस स्कीम में पंजीकरण भी सरल है। लघु उद्यमी स्वयं के लिए भी इस स्कीम का उपयोग कर सकता है। स्कीम की सबसे खास बात यह है कि पेंशन के लिए जो अंश दान जमा करवाया जाएगा वह टैक्स मुक्त होगा। 60 वर्ष की उम्र के बाद अंशदान के अनुरूप नियोक्ता और श्रमिक दोनों को पेंशन मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों के कार्मिकों के लिए तो पेंशन की सुविधा है, लेकिन लघु उद्यमियों के लिए पेंशन की व्यवस्था नहीं है। लेकिन एनपीएस के दायरे में छोटे कारोबारियों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा लघु उद्यमी का मतलब किसी उद्योग को चलाने वाला ही नहीं बल्कि गली मोहल्ले में छोटी बड़ी दुकान चलाने वाला भी इस स्कीम के दायरे में आता है। उन्होंने कहा जो भी व्यक्ति अपने कारोबार से जुड़ा है उसे इस स्कीम का लाभ उठाना चाहिए। यूटीआई फंड की जानकारी: कार्यशाला में यूटीआई पेंशन फंड के बारे में जानकारी देते हुए मुकेश यादव ने पेंशन फंड के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि म्यूचुअल फंड का ही एक सुरक्षित और अनुशासित रूप है। इसमें पूंजी को सुरक्षित संपत्तियों में निवेश किया जाता है, जिससे निवेशकों को भविष्य के लिए एक स्थिर और सुनिश्चित रिटर्न प्राप्त होता है। सत्र के दौरान तकनीकी प्रश्नोत्तरी का संचालन सुभाष बडज़ात्या द्वारा किया गया, जिसमें उपस्थित उद्यमियों ने अपने उद्यम प्रमाण पत्र के साथ सहभागिता करते हुए योजना से जुड़े तकनीकी प्रश्नों और संशय का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में संगठन परिचय गिरिराज अग्रवाल ने रखा तथा मंच संचालन गौरव बाहेती ने किया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य राजेश बंसल, अशोक शर्मा, अशोक मोतियानी, गोपाल रावत, अंकुर गुप्ता, दिनेश नवल, दिव्य सोमानी, राहुल राजपुरोहित सहित अजमेर क्षेत्र के कई गणमान्य सूक्ष्म एवं लघु उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यशाला में कुणाल जैन ने अतिथियों वक्ताओं एवं पधारे हुए उद्यमियों का औपचारिक अभिनंदन किया। इस कार्यशलाा के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9413309933 पर लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि से ली जा सकती है। संगठन नीति-निर्माताओं और उद्यमियों के बीच सेतु का कार्य कर रहे-अशोक तोषनीवाल: सभा को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के महामंत्री अशोक तोषनीवाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र या उद्योग की प्रगति में नीति-निर्माताओं और धरातल पर कार्य करने वाले उद्यमियों के बीच की संवादहीनता एक बड़ी बाधा बनती है। कई बार शासन की उत्कृष्ट योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक अपेक्षित गति से नहीं पहुँच पातीं। ऐसे में लघु उद्योग भारती जैसे औद्योगिक संगठन सरकार और उद्यमियों के मध्य एक सशक्त सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि वर्तमान सरकार इस दूरी को पाटने के लिए निरंतर प्रयासरत और संवेदनशील है। साथ ही उन्होंने उद्यमियों की जागरूकता और नवाचारों से अद्यतन रहने की ललक की सराहना करते हुए कहा कि यह सोच पूरे नगर के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। S.P.MITTAL BLOGGER ( 25-10-2026) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment