Tuesday 17 April 2018

भगवा आतंकवाद पर अब भाजपा की कांग्रेस को घेरने की कोशिश।

भगवा आतंकवाद पर अब भाजपा की कांग्रेस को घेरने की कोशिश।
राहुल गांधी और अमरीकी राजदूत के बीच हुई वार्ता जारी की।
======

हैदराबाद की मक्का मस्जिद में धमाके के फैसले के बाद अब भाजपा ने भगवा आतंकवाद पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की है। 17 अप्रैल को भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक प्रेस काॅन्फ्रेंस में बताया कि आज के अखबारों में कांग्रेस के प्रवक्ता पीएल पूनिया का एक बयान छपा है। इस बयान में कहा गया कि राहुल गांधी कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता ने कभी भगवा अथवा हिन्दू आतंकवाद की बात नहीं कही। यदि भाजपा के पास ऐसा कोई सबूत हो तो पेश करें। इस बयान को आधार मान कर ही भाजपा ने वर्ष 2009 में भारत स्थित अमरीकी राजदूत का एक टेलीग्राफ उजागर किया है। टेलीग्राफ की रिपोर्ट अमरीकी राजदूत और राहुल गांधी के बीच हुई वार्ता की है। तबके पीएम डाॅ. मन मोहन सिंह द्वारा आयोजित डिनर में राजदूत और राहुल गांधी (कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव) पास-पास बैठे। राजदूत ने जब आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के बारे में पूछा तो राहुल गांधी ने कहा कि इस संगठन से तो इतना खतरा नहीं है, लेकिन ज्यादा खतरा हिन्दू ग्रुप के संगठनों से है। राहुल ने तबके गुजरात के सीएम नरेन्द्र मोदी के नाम का भी उल्लेख किया। भाजपा का कहना रहा कि राहुल गांधी ने यह बात तब कही जब 2008 में मुम्बई पर पाकिस्तान की ओर से आतंकी हमला करवाया गया था। प्रेस काॅन्फ्रेंस में तबके केन्द्रीय मंत्री पी. चिदम्बरम का एक वीडियो भी दिखाया गया। इस वीडियो में चिदम्बरम भगवा आतंकवाद की बात कह रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता हिन्दुओं से घृणा करते हैं। भाजपा ने अब कांग्रेस से देश से माफी मांगने की बात कही है।

No comments:

Post a Comment