Sunday 29 April 2018

अजमेर में डिस्काॅम की शर्तों का पालन नहीं कर रहा टाटा पावर। उपभोक्ता पेरशान।
=======

अजमेर विद्युत वितरण निगम डिस्काॅम ने जिन शर्तों पर टाटा पावर कंपनी को अजमेर शहर की बिजली सप्लाई की जिम्मेदारी ठेके पर दी थी उन शर्तों का पालन अब टाटा पावर की ओर से नहीं किया जा रहा है। यह आरोप निगम के श्रमिक संघ के संयुक्त महासचिव विनीत जैन ने लगाया है। जैन ने बताया कि कंपनी को काम संभलाते समय अजमेर शहर में सात सब डिवीजन थे, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को शिकायतों का समाधान किया जाता था। इन सब डिवीजन के माध्यम से ही उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन भी दिए जाते थे। टाटा पावर को जब सप्लाई की जिम्मेदारी दी गई तब यही उम्मीद थी कि उपभोक्ताओं को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। लेकिन टाटा पावर ने पैसा बचाने की नीयत से मात्र पांच सब डिवीजन ही संचालित कर रखे हैं। इतना ही नहीं विद्य़ुत कनेक्शन भी वैशाली नगर स्थित मुख्य कार्यालय से ही स्वीकृत होतेे हैं। इसमें एक माह तक का समय लग जाता है, जबकि शर्तोके मुताबिक टाटा पावर को दो तीन दिनों में विद्युत कनेक्शन देना है। इतना ही नहीं टाटा पावर को श्रम कानून का पालन भी करना है, लेकिन कंपनी ने अप्रशिक्षित कार्मिकों को ठेके पर रखा हुआ है। बिजली सप्लाई के अधिकांश काम सबलेट कर दिए गए हैं। इससे भी उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। आए दिन बिजली कटौती की वजह से भी हालात बिगड़े हुए हैं। डिस्काॅम ने हाल ही में 15 हजार उपभोक्ताओं पर एक सब डिजीवन का निर्णय लिया है। लेकिन अजमेर में ऐसा नहीं हो रहा। अजमेर शहर में करीब एक लाख बिजली उपभोक्ता हैं, लेकिन मात्र पांच सब डिवीजन ही काम कर रहे हैं। जैन ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान भी नहीं हो रहा है। 
डिस्काॅम के अधिकारियों की मेहरबानीः
जानकार सूत्रों के अनुसार टाटा पावर पर डिस्काॅम के संबंधित अधिकारियों की मेहरबानी है,इसलिए टाटा पावर के विरुद्ध की गई शिकायत पर डिस्काॅम के अधिकारी कोई कार्यवाही नहीं करते हैं। उपभोक्ताओं को मन मर्जी का बिल भेजा जा रहा है। लेकिन सेवा केन्द्रों पर उपभोक्ता को राहत नहीं मिलती। पहले मीटर को बंद दिखाकर औसत बिल दिया जाता है। बाद में मीटर बदले पर भी बिल की राशि में शुद्धिकरण नहीं होता।  उपभोक्ताओं के सारे आम लुटने पर भी डिस्काॅम के अधिकारी खामोश बैठे हैं।
सफाईः
टाटा पावर के कारर्पोरेट हेड आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि जिन शर्तों पर सप्लाई का काम लिया गया है उसी के अनुरूप कंपनी काम कर रही है। शहर में अभी पांच सब डिवीजन केन्द्रों पर उपभोक्ताओं को सुविधा दी जा रही है। शीघ्र ही एक और केन्द्र पर ऐसी सुविधा दी जाएगी। जहां तक प्रतिमाह बिल का सवाल है तो डिस्काॅम जब अपने क्षेत्र में लागू करेगा, तभी से अजमेर शहर में भी प्रतिमाह उपभोक्ताओं को बिल दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो छूट मासिक मिली हुई है उसे दो माह की मिलाकर उपभोक्ताओं को दी जा रही है। कंपनी ने उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण भी प्रभावी तरीके होता है।

No comments:

Post a Comment